लाइव सिटीज, हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में रविवार की रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश वैशाली से लेकर समस्तीपुर तक की पुलिस कर रही थी। इस कार्रवाई में वैशाली जिला पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम भी शामिल थी।
हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित मरमला चौर में रविवार की रात अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, वैशाली जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम एक वांछित अपराधी की तलाश में इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना आरोपी से हो गया। बताया जा रहा है कि खुद को पुलिस से घिरा देखकर अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मियों ने भी मोर्चा संभाल लिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अपराधी के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही अपने कब्जे में ले लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अस्पताल में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए अपराधी की पहचान राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। वह हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छोटू का आपराधिक नेटवर्क वैशाली और समस्तीपुर जिले तक फैला हुआ था। उसके खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन मामलों को लेकर दोनों जिलों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। कई आपराधिक घटनाओं में नाम सामने आने के बाद वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस एक अहम सफलता मान रही है।
