लाइव सिटीज, सासाराम: शिवसागर टोल प्लाजा के समीप स्थानीय थाने की पुलिस ने टोल प्लाजा के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान एक कार से करीब 66 लाख 50 हजार रुपया नकद बरामद किया है।कार में सवार दो महिला व एक पुरुष को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, कार सवार वाराणसी से सासाराम की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान शिवसागर टोल प्लाजा के पास पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान के दौरान कार की तलाशी ली गई, जिसमें से 66 लाख 50 हज़ार रुपया जब्त किया गया है। टोल प्लाजा के ऑफिस में एक महिला अधिकारी के साथ पुलिस जब्त नोटों की गिनती की। पुलिस ने कार से मिले रूपए को लेकर आयकर विभाग को सूचना दे दी है।
फिलहाल नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। कार में सवार लोगों की पहचान सासाराम के जानी बाजार मुहल्ले के रहने वाले चंदन सोनी और उनके स्वजन के रूप में हुई हैं।बताया जाता है कि धनतेरस का बाजार के लिए ये लोग वाराणसी गए थे, लेकिन सामानों की खरीद नहीं होने के कारण वापस लौट रहे थे। जिसके बाद चेकिंग के क्रम में कार से पैसे बरामद हो गए।
