लाइव सिटीज, पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर बिहार में उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में यह एलान किया। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और राष्ट्रीय एकता का महान प्रतीक बताया। यह समारोह साझी विरासत अभियान द्वारा सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित बापू सभागार में आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने 567 रियासतों का भारत में विलय कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया। उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक बिहार में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा। उन्होंने नवंबर 2030 तक एक करोड़ परिवारों को उद्योग जगत से जोड़ने का भी लक्ष्य निर्धारित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए मजबूरी में बिहार से बाहर नहीं जाना पड़े, इसके लिए राज्य में उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है। औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। सौर ऊर्जा संयंत्र, ताप विद्युत संयंत्र और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। बिहार की लगभग 14 करोड़ आबादी में युवाओं की बड़ी भागीदारी को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताया गया।
मुख्यमंत्री ने अगले चार वर्षों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को देश की सर्वश्रेष्ठ व्यवस्थाओं में शामिल करने का लक्ष्य बताया। राज्य के जिला और अनुमंडल अस्पतालों से मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में भेजने की व्यवस्था समाप्त करने की दिशा में काम किया गया है। यदि कोई डॉक्टर बिना उचित कारण के मरीज को भेजता है, तो उसे इसका कारण बताना होगा। जिला अस्पतालों में 52 प्रकार की शल्य चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
