लाइव सिटीज, आरा: गड़हनी थाना क्षेत्र के धमनियां शांतिनगर के सामने बनास नदी में नहाने के दौरान छह बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गये. इनमें से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका. लापता बच्चों की पहचान शांतिनगर निवासी चंदन केशरी के सात वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार और रविंद्र केशरी उर्फ मैनी के 10 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार बच्चे बनास नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान सभी पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर शांतिनगर निवासी गोलू ने नदी में छलांग लगा दी. उसने साहस का परिचय देते हुए चार बच्चों गोलू, प्रशांत, संतोषी कुमारी और प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, हिमांशु और मोनू पानी की तेज धारा में लापता हो गये. गोलू के इस साहसिक प्रयास की ग्रामीणों के बीच खूब चर्चा हो रही है.
घटना के बाद लापता बच्चों की तलाश के लिए ग्रामीणों ने प्रशासन से एसडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की. लेकिन करीब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी टीम के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने गड़हनी सब्जी बाजार के पास आरा-सासाराम स्टेट हाईवे जाम कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया. सड़क जाम होने से आवागमन भी प्रभावित रहा. हालांकि, कुछ देर बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया.
