HomeBiharनीरज कुमार के ललन सिंह से बधाई नहीं लेने वाले बयान पर...

नीरज कुमार के ललन सिंह से बधाई नहीं लेने वाले बयान पर संजय झा की प्रतिक्रिया, बोले- पार्टी में छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की सियासत में जदयू के वरिष्ठ नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने वाले जदयू नेता नीरज कुमार के केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से बधाई और आशीर्वाद नहीं लेने वाले बयान पर अब पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने प्रतिक्रिया दी है।

शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय झा ने ललन सिंह को पार्टी का वरिष्ठ और आदरणीय नेता बताया। उन्होंने कहा कि ललन सिंह पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। हम सभी उनका सम्मान करते हैं। पार्टी में थोड़ी-बहुत बातें और मतभिन्नताएं चलती रहती हैं।

संजय झा ने यह भी कहा कि ललन सिंह ने जदयू के विस्तार और संगठन को मजबूत करने में हमेशा अपना योगदान दिया है। पार्टी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके इस बयान को नीरज कुमार और ललन सिंह के बीच चल रही बयानबाजी के बीच पार्टी की ओर से स्थिति सामान्य करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है

दरअसल, 29 अक्टूबर को पटना स्नातक सीट पर जीत के बाद नीरज कुमार से जब पूछा गया कि क्या वह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे, तो उन्होंने साफ तौर पर इनकार कर दिया था। नीरज कुमार ने कहा था कि ललन सिंह से बधाई लेने का सवाल ही नहीं उठता।

नीरज कुमार की इस नाराजगी को मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़े पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। एमएलसी चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज समर्थित उम्मीदवार का समर्थन किया था। इस विवाद में ललन सिंह ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। उस दौरान उन्होंने अनंत सिंह की शिकायतों का उचित समाधान नहीं होने की बात भी कही थी। इसी वजह से नीरज कुमार उनसे नाराज बताए जा रहे हैं।

संजय झा ने बातचीत के दौरान एमएलसी चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव में कहां कमी रह गई, इसकी समीक्षा की जाएगी। जदयू ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को पटना स्नातक सीट पर ही जीत मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, पांच नवंबर को समीक्षा बैठक होनी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home