लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में है। नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘आकस्मिक दुर्घटना’ बताया। उनके इस बयान को दोनों नेताओं के बीच जारी राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि वह ‘आकस्मिक दुर्घटना’ हैं। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि अनंत सिंह का शरीर कहीं और रहता है और आवाज कहीं और रहती है। इस बयान के जरिए नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर व्यंग्य किया।
नीरज कुमार ने आगे नीतीश कुमार पर भी अपनी बात रखी। नीरज कुमार ने कहा कि 40-45 साल का मेरी तपस्या और नीतीश कुमार के प्रति मेरे समर्पण को नीतीश कुमार ने राजनीतिक रूप से चुकता कर दिया है। वो जिस टाइमिंग पर आए वो बहुत अहम था। इतिहास में लिखा जाएगा कि नीतीश कुमार की क्या भूमिका रही है। नीरज कुमार ने आगे नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर कहा कि वो हमारे सर्वमान्य नेता हैं। उनका जिस ढंग से चुनावी सभा हुआ, लोगों तथा कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिखा इसके अलावा कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा समाज के सभी तबकों का प्यार यहीं तो हमारी पूंजी है।
एमएलसी चुनाव के बाद बढ़ी सियासी तल्खी
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक मतभेद खुलकर सामने आए थे। जेडीयू ने जहां नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया था, वहीं अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था। इसको लेकर दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी भी हुई थी।
जेडीयू की कार्रवाई के बाद भी चर्चा में विवाद
अनंत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा के बाद भी यह मामला राजनीतिक चर्चा में बना हुआ है। नीरज कुमार की ताजा टिप्पणी ने दोनों नेताओं के बीच जारी विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
