लाइव सिटीज, मुंगेर: मुंगेर गोलीबारी की आवाज से दहल उठा. पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और जमकर फायरिंग हुई. मामला मुफस्सिल थाना इलाके के टीकारामपुर का है. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पहले वीडियो में एक व्यक्ति घर के पीछे छिपकर फायरिंग करता दिख रहा है. सामने आए दूसरे वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग छत पर चढ़कर पिस्टल में कारतूस भरते और गोली चलाते नजर आ रहे हैं.
19 अक्टूबर सोमवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते मामला मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया. मंगलवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. घटना से जुड़ा पहला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था. इसमें एक व्यक्ति घर के पीछे छिपकर गोली चलाता दिखाई दे रहा था.
अब वायरल दूसरे वीडियो में कथित तौर पर दूसरे पक्ष के लोग छत पर चढ़कर फायरिंग करते और पिस्टल में कारतूस भरते नजर आ रहे हैं. लगातार सामने आ रहे इन वीडियो के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
