लाइव सिटीज, पटना: पटना के बिहटा रेलवे स्टेशन के पास रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान जक्कनपुर थाना क्षेत्र की निवासी कमलति देवी के रूप में हुई है. वह बिहटा के जिनपुरा गांव में अपनी बेटी से मिलने आयी थीं. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार, कमलति देवी अपनी बेटी से मिलने जिनपुरा गांव आयी थीं. इसी दौरान बिहटा रेलवे स्टेशन के पास अप रेलखंड पर वह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गयीं. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना की सूचना मिलने पर बिहटा रेल जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. बिहटा रेल जीआरपी थानाध्यक्ष रीना कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
