लाइव सिटीज, पटना: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर श्यामचंद गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। गंगा नदी में 20 से 30 लोगों से भरी एक निजी नाव अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई, जिसमें डूबने से 13 बच्चों की मौत हो गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ‘वैशाली जिले में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
पीएम मोदी ने वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई लोगों की मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
