लाइव सिटीज, मुंगेर : बिहार में भ्रष्ट लोकसेवकों और अकूत काली कमाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की विशेष टीम ने मुंगेर में तैनात सिंचाई विभाग के इंजीनियर नारद कुमार दास के भागलपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति (डीए केस) अर्जित करने के पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक व पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम सशस्त्र सुरक्षा बलों के साथ तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हनुमान पथ स्थित इंजीनियर नारद कुमार दास के आलीशान आवास पर पहुंची। अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया और आवास के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
आर्थिक अपराध इकाई को इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से अकूत चल एवं अचल संपत्ति अर्जित करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्राथमिक जांच और गुप्त सत्यापन में आय से कई गुना अधिक परिसंपत्तियों के प्रमाण मिलने के बाद न्यायालय से सर्च वारंट हासिल कर यह छापेमारी शुरू की गई।
इंजीनियर नारद कुमार दास लंबे समय से मुंगेर में सिंचाई विभाग के अंतर्गत अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके भागलपुर स्थित आवास पर ईओयू की रेड पड़ते ही मुंगेर और भागलपुर के विभागीय गलियारों व संवेदकों (ठेकेदारों) के बीच खलबली मच गई है।
