HomeBiharभोजपुर में प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी दो गोली,...

भोजपुर में प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी दो गोली, बेटे के अपहरण-मारपीट केस को लेकर विवाद

लाइव सिटीज, भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार शाम एक प्रॉपर्टी डीलर पर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में प्रॉपर्टी डीलर राजू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में हुई। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर खड़े थे राजू कुमार, तभी पहुंच गए तीन बदमाश

जानकारी के मुताबिक, चौकीपुर गांव निवासी कमल यादव के करीब 40 वर्षीय पुत्र राजू कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। मंगलवार शाम वह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने राजू कुमार को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की। गोली लगने के बाद वह वहीं घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पेट और जांघ में लगी गोली

फायरिंग में राजू कुमार को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली उनकी बाईं जांघ में लगी, जबकि दूसरी बाईं तरफ पेट के हिस्से में लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए आरा के मेडिकान अस्पताल में भर्ती कराया गया।अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, घायल की हालत फिलहाल स्थिर है। एक गोली शरीर को आर-पार कर गई है, जबकि दूसरी गोली को ऑपरेशन के जरिए निकाल दिया गया है। डॉक्टरों की टीम अंदरूनी चोटों की भी जांच कर रही है।

बेटे के अपहरण और मारपीट के केस से जुड़ा है विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुराना केस विवाद सामने आया है। घायल राजू कुमार के अनुसार, करीब चार-पांच महीने पहले उनके बेटे रितेश कुमार को स्कूल से अगवा कर उसके साथ मारपीट की गई थी। इस घटना को लेकर उन्होंने दशरथ यादव समेत कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

राजू कुमार का आरोप है कि बेटे से जुड़े इस मामले को वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनका दावा है कि उन्हें कई बार धमकी भी दी गई थी। यहां तक कि घटना से करीब चार दिन पहले भी उन्हें धमकी मिलने की बात पुलिस को बताई गई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस, दो खोखे बरामद

गोलीबारी की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि गोलीबारी के वास्तविक कारण और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments