HomeBiharविश्वस्तरीय बस टर्मिनल बनाने की तैयारी तेज, मुजफ्फरपुर-गया समेत 9 शहरों के...

विश्वस्तरीय बस टर्मिनल बनाने की तैयारी तेज, मुजफ्फरपुर-गया समेत 9 शहरों के डिजाइन को मिली मंजूरी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों की तर्ज पर विश्वस्तरीय बस टर्मिनल विकसित करने की योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में नौ जिलों के बस डिपो के डिजाइन को मंजूरी दे दी गई है।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, मुजफ्फरपुर, गया, बिहारशरीफ, राजगीर, दरभंगा, पूर्णिया, मोतिहारी, तारापुर और मुंगेर में इन बस टर्मिनलों का निर्माण किया जाएगा। डिजाइन मंजूर होने के बाद अब जल्द ही आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) तैयार कर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बस टर्मिनलों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल डिस्प्ले सूचना प्रणाली, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, यात्री सहायता केंद्र, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, एटीएम, दीदी की रसोई और ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रस्तावित पांच मंजिला टर्मिनलों के ग्राउंड फ्लोर पर बस पार्किंग और वर्कशॉप की व्यवस्था होगी। ऊपरी तलों पर निगम कार्यालय, कैफेटेरिया, दुकानें, एसी और नॉन-एसी वेटिंग रूम, बस चालकों और संवाहकों के लिए डॉर्मेटरी, गेस्ट रूम, महिला फीडिंग रूम, बैंक्वेट हॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, होटल और एंटरटेनमेंट जोन विकसित किए जाएंगे।

राज्य के 31 महत्वपूर्ण शहरों को इस परियोजना के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मुंगेर, जमुई, नवादा, सहरसा, पालीगंज, लहेरियासराय, मधुबनी, किशनगंज, मोतिहारी, छपरा, सुल्तानगंज, नौबतपुर, बरबीघा, मोकामा, चकाई, सीतामढ़ी, बिहारशरीफ, औरंगाबाद, आरा, जहानाबाद, संग्रामपुर, तारापुर और राजगीर शामिल हैं।

परियोजना के तहत निगम जमीन उपलब्ध कराएगा, जबकि निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी निजी भागीदार की होगी। इन टर्मिनलों को मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments