लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. राज्य में मूसलाधार बारिश का दौर फिलहाल पूरी तरह थम गया है. मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश या वज्रपात का अलर्ट जारी नहीं किया है. राजधानी पटना समेत राज्य के सभी 38 जिलों में आज दिनभर धूप खिली रहेगी. हालांकि, धूप की तपिश तो कम रहेगी, लेकिन वातावरण में नमी की वजह से लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर से राज्य के मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है। कोसी और सीमांचल समेत उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब बिहार से धीरे-धीरे विदा हो रहा है. मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल बिहार के सुपौल जिले से होकर गुजर रही है. इसी वजह से राज्य भर में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं. आने वाले दिनों में ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा. हालांकि, मानसून की पूरी तरह विदाई तक स्थानीय स्तर पर हल्के बादल बनने की संभावना बनी रहेगी.
राजधानी पटना में आज आसमान साफ रहेगा. दिनभर धूप खिलने से गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. पटना में भी 6 अक्टूबर के आसपास आंशिक रूप से बादल बन सकते हैं.एक तरफ जहां बारिश थम गई है, वहीं दूसरी तरफ नदियां अभी भी तबाही मचा रही हैं. बिहार के 6 जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ की भीषण चपेट में हैं. इस बाढ़ से लगभग 8 लाख की आबादी प्रभावित हुई है. प्रशासन ने अब तक 92,730 पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. राज्य में बाढ़ से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है. सारण जिला इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 3.55 लाख लोग संकट झेल रहे हैं.
