लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर चल रहा अनंत सिंह और नीरज कुमार का विवाद अब और खुलकर सामने आ गया है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। वह नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खड़े हैं। अनुज सिंह के नामांकन के दौरान भी अनंत सिंह उनके साथ मौजूद रहे और खुलकर उनके समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया
अब अनंत सिंह ने इस पूरे विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर नीतीश कुमार उन्हें मनाते तो वह मान जाते। अनंत सिंह के मुताबिक, अभी तक नीतीश कुमार की ओर से उन्हें इस मामले में मनाने की कोई कोशिश नहीं की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पार्टी की तरफ से उन्हें बुलाया जाता है तो वह जाने और अपनी बात रखने के लिए तैयार हैं
नीरज कुमार से चल रहे विवाद पर अनंत सिंह ने कहा कि उनका विरोध जेडीयू से नहीं है, बल्कि नीरज कुमार से है। उनका कहना है कि यदि नीतीश कुमार उन्हें समझाते और मनाते तो वह उनकी बात मान सकते थे।अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात भी हुई है, लेकिन इस मुद्दे पर नीतीश कुमार ने उनसे कोई बात नहीं की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ललन सिंह की ओर से भी उन्हें इस मामले में कुछ नहीं कहा गया है। अनंत सिंह का कहना है कि अगर पार्टी उन्हें बुलाकर बात करना चाहती है तो वह अपनी बात रखने के लिए तैयार हैं
अनंत सिंह लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि नीरज कुमार ने उनके राजनीतिक सफर में कई बार उनका विरोध किया। इसी पुराने विवाद का हवाला देते हुए अनंत सिंह इस बार भी नीरज कुमार के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि पटना स्नातक सीट के चुनाव में वह नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे।
अनंत सिंह का कहना है कि उनका विरोध पार्टी से नहीं है। वह खुद जेडीयू के विधायक हैं और नीतीश कुमार के प्रति अपनी निष्ठा की बात भी करते रहे हैं। लेकिन नीरज कुमार की उम्मीदवारी को लेकर उनका रुख बिल्कुल अलग है। यही वजह है कि उन्होंने जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज के प्रत्याशी का समर्थन करने का फैसला किया है।
