HomeBiharधनरुआ में युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, माथा लाइटर...

धनरुआ में युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, माथा लाइटर से जलाया; 10 राउंड फायरिंग से हड़कंप

लाइव सिटीज, पटना: धनरुआ थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। तेल्हाड़ी गांव निवासी बिट्टू शर्मा को दरधा नदी पुल के पास पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि आरोपितों ने उसके सिर के बाल भी लाइटर से जला दिए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि बिट्टू दरधा नदी के पुल के पास बैठा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि कुछ दूरी पर ले जाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पिटाई की गई। मारपीट में उसके हाथ में गंभीर चोट आई। इसके बाद उसके सिर के बाल लाइटर से जलाने का भी आरोप है।

परिजनों ने लगाया फायरिंग का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनके पहुंचने के दौरान आरोपितों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की और युवक को पेड़ से बंधा छोड़कर वहां से भाग निकले। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार घटना की जांच की जा रही है।

पीएमसीएच में कराया गया भर्ती

घायल बिट्टू को परिजन पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसका फर्द बयान भी दर्ज किया गया है। बयान के आधार पर कई लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

पुराने विवाद से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पुराना विवाद होने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने कुछ लोगों पर साजिश रचने का आरोप भी लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

धनरुआ थानाध्यक्ष के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments