HomeBiharसारण के परसा में बाढ़ का कहर, 22 वार्ड समेत कई पंचायतें...

सारण के परसा में बाढ़ का कहर, 22 वार्ड समेत कई पंचायतें जलमग्न; तीन फीट पानी में सड़कें डूबीं, ट्रैक्टर बना सहारा

लाइव सिटीज, सारण: गंडक नदी के बाढ़ के पानी ने परसा प्रखंड और नगर पंचायत के बड़े हिस्से को जलमग्न कर दिया है. चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई गांवों में घरों की दीवारों तक पानी पहुंच गया है. ऐसे में ऊंचे बांध, सड़क और निजी मकान ही लोगों के लिए सुरक्षित ठिकाने बने हुए हैं. बाढ़ के कारण लोगों के सामने परिवार और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है.

नगर पंचायत परसा बाजार, चेतन परसा, मिर्जापुर, हरपुर परसा, शंकडीह, शोभेपरसा, परसा मथुरा समेत सभी 22 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं, प्रखंड की अंजनी, अन्याय, बलिगांव, मारर, बहर मारर और परसौना पंचायत समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव की कमी के कारण निजी ट्रैक्टर लोगों के लिए बड़ा सहारा बन गये हैं. ट्रैक्टर की ट्रॉली के जरिये लोग पानी से घिरे इलाकों से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच रहे हैं. कई जगह ट्रैक्टर से लोगों को निकालने के साथ जरूरी सामान और मरीजों को भी सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है.

परसा-सोन्हो मुख्य पथ पर स्वामी विवेकानंद विद्यालय के समीप से हाई स्कूल तक करीब तीन फीट पानी बह रहा है. पानी का बहाव तेज होने के कारण वाहनों का परिचालन मुश्किल हो गया है. इससे सीवान-शीतलपुर स्टेट हाइवे पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है. प्रतिदिन चलने वाली कई कोच गाड़ियों का परिचालन बंद हो गया है.

बाढ़ के कारण पटना सहित कई क्षेत्रों से परसा का सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है. सरकारी अस्पताल, थाना, प्रखंड कार्यालय, बिजली सब-स्टेशन, पीएन कॉलेज और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित कई सरकारी संस्थानों तक आम लोगों का पहुंचना मुश्किल हो गया है. परसा-बनकेरवा बांध पथ, भेल्दी पथ और सुतिहार पथ पर भी पानी चढ़ने से आवागमन बाधित है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments