लाइव सिटीज, बगहा: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने देर रात तक बगहा अनुमंडल के बाढ़ प्रभावित गंडक दियारा समेत विभिन्न इलाकों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया. कई जगहों पर बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था को लेकर उन्होंने आर्थिक सहायता भी दी
गंडक दियारा क्षेत्र में बाढ़ के दौरान एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी भी सांसद को मिली. उन्होंने लापता व्यक्ति के परिजनों को 10 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की. सांसद ने कहा कि बिहार में बाढ़ से हुई क्षति और किसानों की बर्बाद फसलों के मुआवजे के लिए वे आवाज उठाएंगे.
पप्पू यादव ने बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में भेदभाव की शिकायतें मिल रही हैं. कई जरूरतमंद परिवारों ने अब तक राहत नहीं मिलने की बात उनके सामने रखी.सांसद ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित राहत दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को हुए नुकसान को लेकर संबंधित स्तर पर आवाज उठायी जाएगी.
