लाइव सिटीज, कैमूर: बिहार में कुछ अजब ही हो गया। कैमूर जिले में एक नौजवान की बाइक का ट्रैफिक पुलिस ने काट दिया। इस बात से वो इतना भड़का कि बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गया। बात बस इतनी सी ही नहीं है। दरअसल उसी रास्ते से बिहार के एक मंत्री गुजर रहे थे। नौजवान ने उनका रास्ता रोक दिया और उनकी गाड़ी के सामने ही बाइक लगाकर सड़क पर बैठ गया।
कैमूर जिले के मोहनिया चांदनी चौक के नजदीक हुआ। यहां ट्रैफिक पुलिस के द्वारा बाइक चालान काटे जाने से नाराज बाइक सवार ने पटना से भभुआ जा रहे पथ निर्माण मंत्री के गाड़ी के सामने बाइक खड़ी कर बंद कर दी और बीच सड़क पर धरने पर बैठ गया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिस टीम और मंत्री जी के सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। सबके सब मिल कर युवक को हटाने में लग गए। थोड़ी देर नौजवान को हटाकर पथ निर्माण मंत्री ईं शैलेंद्र को निकलने दिया गया। लेकिन उसके बाद लड़का फिर से रोड पर ही धरने पर बैठ गया।
मामला कुछ यूं है कि मोहनिया प्रखंड के बेलौड़ी निवासी बिट्टू कुमार पटेल अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर अपनी दुकान में बैठे थे। लेकिन वहां पर ट्रैफिक पुलिस ने बाइक का चालान काट दिया। उसी समय बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र पटना से कैमूर आ रहे थे। भभुआ मुख्यालय जाते समय जैसे ही मंत्री का काफिला चांदनी चौक पहुंचा। नाराज दुकानदार (बाइक के मालिक) ने मंत्री की गाड़ी के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी, जिससे कुछ देर के लिए मंत्री का काफिला रुक गया। हालांकि तत्काल सुरक्षा कर्मियों ने बाइक हटाई तब जाकर मंत्री की गाड़ी आगे निकल पाई। इसके दौरान खबर मिलते ही मौके पर ट्रैफिक थानाध्यक्ष भी पहुंचे।
कैमूर निवासी बिट्टू कुमार पटेल ने कहा कि ‘मेरी दुकान है भभुआ रोड में। अपनी बाइक दुकान के बाहर ही लगाई थी। लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने तब भी चालान काट दिया। लेकिन कहीं भी गाड़ियों को खड़ी करने के लिए कोई जगह नहीं दी गई है। इसलिए मैने मंत्री जी के गाड़ी के सामने बाइक लगा दी और धरने पर बैठ गया। मंत्री जी ने मुझे कहा संबंधित अधिकारियों से बात करिए।’ वहीं ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार प्रसाद ने कहा कि मंत्री के गाड़ी के सामने बाइक युवक ने खड़ी कर दी थी हटा दिया गया है। सड़क पर बाइक खड़ी थी इसलिए बाइक का चालान काटा गया ।
