लाइव सिटीज, गोपालगंज: कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा व करमैनी गांव के समीप एनएच-27 पर शुक्रवार की देर रात शराब लदी स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
हादसे में बाइक पर सवार उसका दोस्त भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी युवक शहर के पुरानी चौक निवासी विक्की कुमार बताया गया है।घटना की सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से एनएच-27 से होकर गुजर रहे थे।
इसी दौरान भठवा व करमैनी गांव के बीच तेज गति से आ रही स्काॅर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।हादसे के बाद स्काॅर्पियो चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
