लाइव सिटीज, पटना: रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) पटना ने आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है। यह जांच परीक्षा 26 और 27 सितंबर को होने वाली थी। पिछले 26 घंटों से लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह बाढ़-जलभराव के साथ पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम के बिगड़े मिजाज को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर और 27 सितंबर को आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता जांच को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है।परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
पूर्व मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता जांच के आयोजन से संबंधित अगली तारीख और नई सूचना जल्द ही रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वह CEN: 08/2024 भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी नवीनतम जानकारी और अपडेट के लिए रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पूर्व मध्य रेल, पटना की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहे।
पटना समेत कई जिलों में पिछले 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम सुहाना तो हो चुका है लेकिन कई इलाकों में जलजमाव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटना में लोग अपने घरों में पंखें नहीं चला रहे हैं। तापमान में गिरावट के कारण चादर ओढ़कर सोना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटें तक यही स्थिति रहने के आसार है। इसके बाद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कई जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं मध्य बिहार में अनेक स्थानों और उत्तर-पूर्वी हिस्से में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है।
