HomeBiharजमुई की घटना पर मुकेश सहनी का सरकार पर हमला, बोले- बेटियों...

जमुई की घटना पर मुकेश सहनी का सरकार पर हमला, बोले- बेटियों की सुरक्षा में विफल कानून-व्यवस्था की खुली तस्वीर

लाइव सिटीज, पटना: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। सड़क पर दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना बताता है कि अपराधियों के मन में कानून का भय कितना कम हो गया है।

सहनी ने कहा कि बिहार में सरकार और प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमुई जैसी घटनाएं उन दावों की जमीनी हकीकत सामने रख देती हैं। उन्होंने कहा कि किसी बेटी के साथ सरेआम बदसलूकी हो और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाए, यह केवल एक परिवार या एक जिले का मामला नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि बिहार की बेटियां शाम हो या दिन, घर से बाहर निकलने में भय महसूस न करें। केवल प्राथमिकी दर्ज करने और कुछ गिरफ्तारियां करने से सरकार की जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती।

उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाए।मुकेश सहनी ने कहा कि सरकार को महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर रखकर ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। पुलिस की गश्त, संवेदनशील इलाकों में निगरानी और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव कानूनी और प्रशासनिक सहायता मिलनी चाहिए तथा पीड़ितों की पहचान और निजता की पूरी सुरक्षा की जानी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments