लाइव सिटीज, पटना: बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बुधवार को बिहार पहुंच रही है। टीम के दौरे से ठीक पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि केंद्रीय मंत्री बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए कोई विशेष सहयोग लेकर आ रहे हैं या फिर यह दौरा केवल फोटो सेशन तक सीमित रहेगा।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बाढ़ की स्थिति और केंद्र की ओर से मिलने वाली सहायता को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ से बड़े पैमाने पर लोग प्रभावित हैं, ऐसे में राज्य को तत्काल विशेष पैकेज मिलना चाहिए। तेजस्वी ने सवाल किया कि केंद्र सरकार बिहार के लिए बाढ़ पैकेज की घोषणा क्यों नहीं कर रही है और बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा है।
‘कुछ सहयोग लेकर आ रहे हैं या फोटो सेशन के लिए?’
शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे को लेकर तेजस्वी ने तंज कसते हुए पूछा कि केंद्रीय मंत्री बिहार में कुछ सहयोग लेकर आ रहे हैं या सिर्फ फोटो सेशन के लिए आ रहे हैं। उनका कहना था कि बाढ़ प्रभावित लोगों को वास्तविक मदद की जरूरत है और सिर्फ नुकसान का जायजा लेने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
तेजस्वी ने केंद्र से बिहार को मिलने वाली सहायता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ और अन्य आपदाओं से लोगों की जान जा रही है, लेकिन राज्य को अपेक्षित केंद्रीय सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल राहत और विशेष पैकेज की मांग की।
मुख्यमंत्री से भी पैकेज मांगने को कहा
तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर बिहार के लिए विशेष पैकेज की मांग करनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या राज्य सरकार को खुद यह जानकारी नहीं है कि बाढ़ से बिहार को कितना नुकसान हुआ है या फिर केंद्र को राज्य सरकार के आकलन पर भरोसा नहीं है।
तेजस्वी ने बिहार को पर्याप्त केंद्रीय सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के लोगों के साथ कथित तौर पर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच केंद्र से ठोस आर्थिक सहायता देने की मांग दोहराई।
केंद्रीय टीम किन इलाकों का करेगी दौरा?
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और सड़क मार्ग से जायजा लेगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक टीम मनेर, दिघवारा, बिदुपुर, मुंगेर और भागलपुर सहित कई इलाकों में जाएगी। शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी लेंगे।
पटना में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उच्चस्तरीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें बाढ़ से हुए नुकसान, राहत कार्यों और आगे की सहायता को लेकर चर्चा होगी। इसके बाद केंद्रीय टीम मुंगेर और भागलपुर के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी।
बिहार में यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के खातों में सहायता राशि भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इसी के बीच तेजस्वी यादव ने केंद्रीय टीम के दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए केंद्र से व्यापक राहत पैकेज और बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है।
