लाइव सिटीज, भागलपुर: इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटाहा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक महिला और चार बच्चे शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक, परिवार के कुछ लोग बाढ़ के पानी में नहाने के लिए गए थे. इसी दौरान एक व्यक्ति डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक कई लोग पानी में उतर गए. देखते ही देखते पांच लोग डूब गए.
मृतक के परिजन मुकेश कुमार के अनुसार बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान अचानक एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया. उसे बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य भी पानी में उतर गए. इसी दौरान पांच लोग डूब गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की. बाद में पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई.
सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया. इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया. हालांकि, डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में एक महिला और चार बच्चे बताए जा रहे हैं. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
