लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बाइपास थाना क्षेत्र में कजरैली रोड के पास तेज रफ्तार बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। वे जीरोमाइल की तरफ जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
तीनों युवक थे आपस में गहरे दोस्त
मृतकों की पहचान अलीगंज गंगटी निवासी अंशु कुमार (18), सावन कुमार (17) और दाउदबाट निवासी आशुतोष कुमार (18) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक तीनों के बीच काफी गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ रहते थे। हादसे से कुछ समय पहले ही तीनों एक साथ बाइक से निकले थे।
परिवार वालों को देर रात तक जब तीनों के घर नहीं लौटने और फोन पर संपर्क नहीं होने की जानकारी मिली तो चिंता बढ़ गई। बाद में पुलिस के माध्यम से हादसे की खबर मिली। इसके बाद परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां अपनों के शव देखकर परिवार में मातम पसर गया।
बस चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।एक साथ तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
