लाइव सिटीज, पटना: पटना यूनिवर्सिटी परिसर में शनिवार को सुतली बम फेंके जाने से अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाका विश्वविद्यालय के भूगोल और मनोविज्ञान विभाग के आसपास हुआ। तेज आवाज सुनकर कैंपस में मौजूद छात्र और अन्य लोग कुछ देर के लिए सहम गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक राजपथ की ओर बने डबल डेकर पुल से किसी शरारती तत्व ने यूनिवर्सिटी परिसर की तरफ सुतली बम फेंका। बम जमीन पर गिरते ही तेज आवाज के साथ फट गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच करने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने विस्फोट वाली जगह की जांच कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस्तेमाल किया गया बम किस तरह का था और इसे किसने फेंका।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस अब डबल डेकर पुल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच का मुख्य फोकस उस व्यक्ति की पहचान करना है, जिसने पुल से कैंपस की ओर बम फेंका। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे कोई आपसी विवाद था या फिर किसी ने जानबूझकर दहशत फैलाने के लिए यह हरकत की।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच जारी है। CCTV फुटेज और FSL की रिपोर्ट मिलने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों के और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
