लाइव सिटीज, कैमूर: कैमूर में कर्मनाशा नदी उफान पर है. नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले कई संपर्क मार्गों पर पानी का दबाव बढ़ गया है. दुर्गावती थाना क्षेत्र के आदर्श नुआंव के पास दुर्गावती-ककरैत मार्ग पर बने छलका के ऊपर करीब तीन फीट पानी बहने लगा. डजिस वजह से इस रास्ते से गुजरना बेहद खतरनाक बना हुआ है.
छलका के ऊपर तेज रफ्तार से पानी बहने के बावजूद कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पैदल और वाहनों के साथ सड़क पार करते नजर आए. पानी की तेज धारा के बीच सड़क पार करने के दौरान किसी भी समय व्यक्ति या वाहन के बह जाने की आशंका बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग पर आवागमन को रोका नहीं गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
पानी की गहराई और बहाव को देखते हुए इस रास्ते से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है. खासकर बाइक और छोटे वाहनों के चालकों के लिए यहां खतरा और अधिक बढ़ गया है. पानी के तेज बहाव की सूचना मिलने के बाद मसौढ़ा पंचायत के मुखिया संजय सिंह उर्फ बब्बू मौके पर पहुंचे, उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क पार कर रहे लोगों से पानी की तेज धारा में नहीं जाने की अपील की.
स्थानीय जानकारी के अनुसार मूसाखाड़ बांध से करीब 30 से 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. यह पानी लतीफ साहब बीयर के ओवरफ्लो होने के बाद कर्मनाशा नदी में डिस्चार्ज हो रहा है. बड़ी मात्रा में पानी नदी में आने के कारण कर्मनाशा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और नदी उफान की स्थिति में पहुंच गई है.
उधर, दुर्गावती जलाशय परियोजना अंतर्गत करमचट डैम से जुड़ी सड़क के धंसने का मामला सामने आया है. लगातार तेज बारिश और पानी के रिसाव के कारण सड़क के एक हिस्से में गड्ढा बन गया और सड़क धंस गई. घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों और डैम क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है.
