लाइव सिटीज, बक्सर: बक्सर जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. डुमरांव प्रखंड के एक मध्य विद्यालय में दो शिक्षकों पर लगभग 12 नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोपी शिक्षकों ने छात्राओं को हवस का शिकार बनाने के साथ-साथ उनका अश्लील वीडियो भी बना लिया था
यह शर्मनाक हरकत पिछले कई दिनों से चल रही थी. तीन दिन पहले जब यह अश्लील वीडियो इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. तब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली.वीडियो सामने आते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर दोनों आरोपी शिक्षकों को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे.
मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है. विभाग ने दोनों आरोपी शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.बुधवार की देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण कृष्ण ब्रह्म थाने के बाहर जमा रहे. वे आरोपी शिक्षकों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों से लिखित आवेदन ले लिया गया है.
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है.
