लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून इस समय काफी मजबूत स्थिति में है. राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. गंगा समेत कई नदियां उफान पर है. जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा 18 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और झारखंड के आसपास सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण नमी वाली हवाएं बिहार में आ रही हैं. इसी वजह से राज्य भर में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.
ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिले
- मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी बिहार के 7 जिलों जैसे सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है. इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है
- वहीं, 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, गया, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, बांका और सहरसा शामिल हैं. इन जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
- इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. पटना समेत बाकी 13 जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान जताया गया है.
नदियों का जलस्तर और बाढ़ का खतरा
बारिश के कारण बिहार की प्रमुख नदियां उफान पर हैं:
- गंगा नदी: पटना में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 2 फीट ऊपर पहुंच गया है. पटना सिटी के भद्रघाट और महावीर घाट की सर्विस लेन पर घुटनों तक पानी भर गया है.
- सोन नदी: रोहतास स्थित इंद्रपुरी बैराज के सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं. बैराज से सोन नदी में 5.16 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
- गंडक नदी: बेतिया में कटाव के कारण एक पक्का मकान नदी में बह गया.
- अन्य क्षेत्र: बक्सर में नेशनल हाईवे पर पानी चढ़ गया है. कैमूर के तेलहाड़ कुंड, करकटगढ़ और बंसी खोह जलप्रपात भी उफान पर हैं.
