लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी को पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, HAM की ओर से राहत देने वाली जानकारी दी गई है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक जीतन राम मांझी की हालत फिलहाल सामान्य है। उन्हें अस्पताल में चिकित्सकीय जांच और रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनकी आवश्यक जांच कर रहे हैं और फिलहाल किसी गंभीर स्थिति की बात सामने नहीं आई है।
वहीं, कुछ रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि मांझी को अचानक सांस लेने में परेशानी महसूस हुई थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार की बात कही गई है।HAM नेताओं ने लोगों से अपील की है कि जीतन राम मांझी की सेहत को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। पार्टी की ओर से कहा गया है कि चिकित्सकों की निगरानी में उनकी जांच चल रही है और चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
गौरतलब है कि जीतन राम मांझी पिछले कुछ दिनों से बिहार की राजनीति में भी काफी सक्रिय रहे हैं। आरक्षण के मुद्दे पर उनके और एनडीए के अन्य नेताओं के बीच बयानबाजी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म रहा है। ऐसे में उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा तेज हो गई।
