लाइव सिटीज, पटना: नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही को लेकर बिहार सरकार ने चिंता जताई है। आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा ने नेपाल में बाढ़ के कारण जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति बिहार की संवेदनाएं हैं और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहयोग किया जा रहा है।
मंत्री रत्नेश सदा के मुताबिक, आपदा से निपटने के लिए जरूरी सामग्री नेपाल सरकार को भेजी जा रही है। बिहार सरकार नेपाल में बने हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है, क्योंकि नेपाल से आने वाली नदियों का सीधा असर बिहार के कई जिलों पर पड़ता है।नेपाल से सटे बिहार के कई जिलों में प्रशासन को विशेष रूप से सतर्क कर दिया गया है। नदियों के जलस्तर, मौसम और संभावित जलप्रवाह में बदलाव की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों को 24 घंटे स्थिति पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का कहना है कि फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार सरकार ने एहतियात के तौर पर अपनी तैयारियां बढ़ा दी हैं, ताकि सीमावर्ती जिलों में किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हवाई सर्वे के बाद कहा कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. लेकिन खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है. उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने काम में लगे हुए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि भगवान इंद्र की कृपा रही तो जल्द स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी. PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लगातार बिहार की स्थिति को देख रहे हैं.
