लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है. इन इलाकों में तेज हवा चलने की भी संभावना है.
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर और रोहतास समेत 10 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ हवा की रफ्तार बढ़ सकती है.
वहीं, 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है. इन जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है.
IMD के मुताबिक, बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार हैं.
