लाइव सिटीज, मोतिहारी: मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में उस समय अफरातफरी मच गई, जब नाश्ता करने पहुंची तीन छात्राएं गर्म तेल की चपेट में आकर झुलस गईं. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों ने जमकर हंगामा किया. कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किचन के रसोइया को पुलिस के हवाले कर दिया
छात्राओं ने बताया कि, हॉस्टल में नाश्ता तैयार करने के दौरान रसोइया और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई. इसी दौरान गुस्से में आकर रसोइया ने गर्म तेल से भरी कड़ाही छात्राओं की ओर फेंके दिया. गर्म तेल के छींटे पड़ने से तीन छात्राएं आंशिक रूप से झुलस गईं.
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. इस हादसे में झुलसी छात्राओं की पहचान मोनाली कुमारी, मधु प्रिया और मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने बिना देर किए तीनों छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने रसोइया को पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस अब घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही. कॉलेज प्रशासन की ओर से भी मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही. पुलिस जांच के बाद ही सच सामने आ सकेगा.
