लाइव सिटीज, बगहा: बगहा में बाघ के हमले की एक घटना से हड़कंप मच गया. वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़ियाड़ी बंगाली टोला में एक व्यक्ति की जान चली गई. मृतक की पहचान हरि बंगाली के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में डर के साथ वन विभाग के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली.
परिजनों के मुताबिक, विजय कुमार अपने घर के पीछे खेत में घास काट रहे थे. इसी दौरान वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल की तरफ से आए बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले में विजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद बगहा की एसडीएम चांदनी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की. प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति संभालने की कोशिश की.स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग की गाड़ी को घेर लिया. लोगों ने लाठी-डंडों से वाहन पर हमला किया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने गाड़ी को पलट दिया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हालात को नियंत्रित करने में जुटे रहे.
ग्रामीणों का गुस्सा सड़क तक भी पहुंच गया. लोगों ने वाल्मीकिनगर-मदनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने तथा यातायात बहाल कराने की कोशिश करते रहे. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना रहा.
