लाइव सिटीज, पटना: बिहार में आगामी त्योहारों और पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त अधिकार दिए हैं। अब पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मजिस्ट्रेट की कुछ शक्तियों का इस्तेमाल करने का अधिकार मिलेगा। इसका उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित विवाद या उपद्रव को समय रहते रोकना है।
सरकार के आदेश के तहत आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों को विशेष अधिकार दिए गए हैं। इन अधिकारियों की निगरानी में असामाजिक तत्वों और ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सकेगी, जिनसे त्योहारों के दौरान शांति भंग होने की आशंका है।
नए प्रावधान के तहत पुलिस अधिकारी ऐसे लोगों को चिन्हित कर सकते हैं, जिनकी गतिविधियों से इलाके में तनाव या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति से बॉन्ड भरवाने की कार्रवाई भी की जा सकेगी। इसका मकसद संभावित उपद्रवियों को पहले से पाबंद करना और किसी अप्रिय घटना की स्थिति बनने से रोकना है।
पुलिस अधिकारियों को मिले अतिरिक्त अधिकारों के जरिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें, संवेदनशील स्थानों की पहचान और उपद्रव की आशंका वाले लोगों पर नजर रखने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
