लाइव सिटीज, पटना: तेज प्रताप यादव की ओर से एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है. उनके आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट जारी कर पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उनसे संपर्क रखने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. पोस्ट के जरिए लोगों को किसी भी तरह की जानकारी या गतिविधि को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. साथ ही, तेज प्रताप यादव के नाम का इस्तेमाल कर किसी तरह की भ्रामक सूचना फैलाए जाने की स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया है.
तेज प्रताप के एक्स हैंडल से लिखा गया, “महत्वपूर्ण सूचना, जनशक्ति जनता दल से निष्कासित महासचिव एवं पूर्व निजी सहायक रहे मोतीलाल राय के संबंध में पार्टी के पदाधिकारियों एवं आम जनता को सूचित किया जाता है कि मुझसे जुड़े लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.”
कहा गया कि मोतीलाल राय लगभग 20 लाख की राशि, कई महत्वपूर्व कागजात एवं कई मोबाइल फोन लेकर फरार है. उसके एवं उसके परिवार के खर्च का प्रबंध इसी राशि से किया जा रहा है. सचिवालय थाने में मोतीलाल राय के खिलाफ चोरी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है. इसके बावजूद उसके द्वारा पार्टी के पदाधिकारियों एवं मुझसे जुड़े लोगों को अलग-अलग नए मोबाइल नंबरों से फोन कर पैसे एवं सामान की मांग की जा रही है.
पोस्ट के अंत में लिखा गया है, “अतः सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं पार्टी से जुड़े लोगों से अनुरोध है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति के फोन पर विश्वास न करें, कोई पैसा या सामान न दें और किसी भी प्रकार का लेनदेन न करें. संदिग्ध कॉल या मांग प्राप्त होने पर संबंधित वरिष्ठ पदाधिकारी को तत्काल सूचित करें. सावधान रहें, सुरक्षित रहें. धन्यवाद
