लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि इस बार चौंकाने वाला परिणाम आएगा. उन्होंने कहा कि आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता को हर जाति-धर्म और तबके का समर्थन मिला है. इसलिए इस बार हमारी जीत तय है.
आरजेडी कार्यालय पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता लालटेन छाप पर वोटिंग कर रही है. उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर में लालटेन जलेगी, ये बात आप लोग समझ लीजिए. हमें हर वार्ड और हर बूथ पर वोट मिला है.
आरजेडी नेता ने कहा कि हमने जो फीडबैक लिया है, उसके अनुसार राष्ट्रीय जनता दल हर वार्ड में आगे है. उन्होंने दावा किया कि इस बार लोग भाजपा को हराने के लिए ही हमारे साथ आ रहे हैं और काफी उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं.
तेजस्वी ने कहा कि तीन दशक से ज्यादा समय से भारतीय जनता पार्टी का इस सीट पर कब्जा रहा है लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है. लोग इस सरकार से काफी नाराज है. लिहाजा वह राष्ट्रीय जनता दल और उनकी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को जिताना चाह रहे हैं.
