लाइव सिटीज, पटना: NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज (शनिवार) बिहार बंद बुलाया गया है. छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) ने इस बंद का आह्वान किया है. इस आंदोलन को राजद, कांग्रेस, वीआईपी और वामदलों का भी समर्थन मिला है.
बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं. सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है
पटना में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-पॉइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है. जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ करीब 200 जवानों को लगाया गया है.
SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है. लेकिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
पुलिस सड़कों पर छात्रों को रोककर समझाइश भी दे रही है. सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने 177 संदिग्ध असामाजिक तत्वों की तस्वीरें जारी कर लोगों से उनकी पहचान में सहयोग मांगा है.
