लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां और अंतिम दिन है. सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही माहौल गरमा गया. विपक्ष ने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित फायरिंग का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
राजू तिवारी ने कहा कि परसों की घटना को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा सबको मौका मिलेगा शांति से सदन चलाने दीजिए. राजद विधायक आलोक मेहता ने सदन में कहा कि छात्रों पर गोली चलाई जा रही है. उनके इस बयान का बीजेपी विधायकों ने जोरदार विरोध किया.
सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि जो लोग पुलिस और जनप्रतिनिधियों पर जानलेवा हमला करें, उन्हें छात्र नहीं कहा जा सकता. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा की और इस पर निंदा प्रस्ताव लाने की मांग भी की.
छात्र संगठनों के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया है. सुरक्षा कारणों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी का झंडा हटाकर विधानसभा पहुंचे.
