लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने से जुड़े 10 महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई गई है. बैठक में शिक्षा, समाज कल्याण और आधारभूत संरचना से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए. जिससे राज्य के युवाओं और छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा.
कैबिनेट बैठक में लिए गए सबसे प्रमुख फैसलों में से एक शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा है. सरकार ने राज्य के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों का नामकरण देश और राज्य की महान हस्तियों के नाम पर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अब एक विश्वविद्यालय का नाम महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर होगा. जबकि दूसरे विश्वविद्यालय को स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद जुब्बा साहनी के नाम से जाना जाएगा.
कैबिनेट बैठक में स्कूली शिक्षा और छात्रों के कल्याण के लिए भी एक बड़ा फैसला लिया गया. सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने जीविका के माध्यम से विशेष पहल की है. इस योजना के तहत छात्रों को 6,000 रुपये मूल्य का विशेष किट दिया जाएगा. इस किट के वितरण का जिम्मा जीविका दीदियों को सौंपा गया है. इस फैसले से न केवल विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की जीविका दीदियों को भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी
