लाइव सिटीज, पटना: बस शाम के 2 घंटे निकालिए…” मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने विधायकों के सामने ऐसा टास्क रखा, जिसने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि अब हर विधायक को मैदान में उतरना होगा.
इतना ही नहीं, सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि अगर किसी विधायक को किसी संबंध में कोई शिकायत या परेशानी है तो वह सीधे उनसे मिल सकता है. आखिर मुख्यमंत्री ने ऐसा क्यों कहा और विधायकों को क्या खास जिम्मेदारी सौंपी? यही इस बैठक का सबसे बड़ा संदेश रहा.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के विधायकों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ प्रचार करने की अपील की है. उन्होंने सभी विधायकों से आग्रह किया कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच हर दिन शाम में कम से कम दो घंटे का समय निकालकर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव एनडीए के लिए महत्वपूर्ण है और सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर चुनाव लड़ रही है. ऐसे में सभी विधायकों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विधायकों को किसी प्रकार की परेशानी है, वे बिना किसी संकोच के सीधे उनसे मिलें और अपनी बात रखें. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी विधायक को किसी तरह की समस्या है तो वे सीधे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
