लाइव सिटीज, पटना: बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी ने एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार रविवार, 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा अब निर्धारित तिथि पर नहीं होगी. परीक्षा स्थगित किए जाने के पीछे आयोग ने “अपरिहार्य कारण” बताया है. नई परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी.
बिहार लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह की ओर से जारी आवश्यक सूचना में कहा गया है कि एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा, जो 26 जुलाई 2026 को प्रस्तावित थी, उसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया जाता है. उन्होंने बताया कि परीक्षा के आयोजन की नई तिथि की सूचना आयोग बाद में जारी करेगा. हालांकि, अधिसूचना में परीक्षा स्थगित किए जाने के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है.
गौरतलब है कि बीपीएससी की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा राज्य की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल है. इस भर्ती अभियान के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 1186 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और वह लंबे समय से प्रारंभिक परीक्षा का इंतजार कर रहे थे. ऐसे में परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों को नई तिथि का इंतजार करना होगा.
आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा तिथि को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा. अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है. अब सभी अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग की अगली अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा की नई तिथि और आगे की प्रक्रिया की जानकारी साझा की जाएगी.
