लाइव सिटीज, पटना: आज पूरे बिहार में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है. राजधानी पटना समेत लगभग सभी जिलों में दिनभर काले बादल छाए रह रहे हैं. इसके साथ ही तेज हवा के साथ भारी बारिश भी हो रही है. साथ ही बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से बिगड़े मौसम में घर से नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है. मौसम में बदलाव से लोगों को थोड़ी बहुत गर्मी से मिली है.
मौसम विभाग की माने तो, चार जिलों किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका में भारी से भी भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे के दौरान पटना, बक्सर, सासाराम, औरंगाबाद समेत कई जिलों में बारिश हुई. दोपहर के बाद पटना, बांका, नालंदा और जमुई जिले में तेज हवा के साथ बारिश हुई. लगातार इस तरह से बारिश होने से राज्य के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की माने तो, अगले 5 दिनों तक कुछ ऐसा ही मौसम बना रहेगा. विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, 8 जुलाई को भी पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 9 जुलाई को शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार और पूर्णिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि बाकी के जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया.
10 जुलाई को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में भयंकर बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि बाकी के जिलों में येलो अलर्ट है. इस दौरान पूरे दिन बादल छाए रह सकते हैं. कई जगहों पर तेज बारिश दर्ज की जाएगी. इसके बाद 11 और 12 जुलाई को भी पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
