लाइव सिटीज, पटना: सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्तौल जैसी दिखने वाली चीज लहरा रहा है और सूबे के मुखिया के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।
मामला संज्ञान में आते ही पटना पुलिस की साइबर सेल तुरंत हरकत में आई और इस संबंध में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह मामला पटना के साइबर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संभव शर्मा के लिखित बयान के आधार पर दर्ज किया गया है।पुलिस अधिकारी ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि इंस्टाग्राम और एक्स जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
दर्ज कराई गई प्राथमिकी में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार के भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो से न केवल मुख्यमंत्री के पद और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया है, बल्कि इससे समाज के दो गुटों या समुदायों के बीच कटुता बढ़ने का भी गंभीर खतरा है।
