लाइव सिटीज, औरंगाबाद: औरंगाबाद में बच्चों से भरे स्कूल वाहन 15 फीट नीचे नहर गिर गया. इस हादसे में वाहन में सवार 13 बच्चे घायल हो गए. घटना जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर तामसी मोड़ के पास स्कूली बच्चों से भरे वाहन नहर में गिर गए.
यह घटना बुधवार की सुबह बच्चों के विद्यालय पहुंचने से पहले घटित हुई. वैन अंबा स्थित संत जेवियर हाई स्कूल की थी, जिस पर कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर गांव के बच्चे सवार होकर स्कूल जा रहे थे. घटना के बाद चालक वैन छोड़कर तुरंत मौके से फरार हो गया
हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. ग्रामीणों ने वैन में फंसे बच्चों को कांच तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया. हादसे में वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी के कांच टूट गए.
हादसे में घायल तीन बच्चों 5 वर्षीय आरवी प्रताप, 12 वर्षीय हर्ष कुमार और 7 वर्षीय मौली कुमारी की हालत गंभीर होने पर उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. अन्य घायलों में साक्षी कुमारी, आदित्य राज, अमी कुमारी, लकी राज, सुगंध आर्यन, सृष्टि कुमारी, आयुष, अक्षय, वैभव, आबिद और अमित शामिल हैं.
