लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों ने उत्तर, पूर्वी और मध्य बिहार के कुल 25 जिलों में भारी बारिश की संभावना जतायी है. मुजफ्फरपुर, दरभंगा, चंपारण, समस्तीपुर, पूर्णिया और भागलपुर जैसे प्रमुख जिलों को शामिल किया गया है. इन इलाकों के लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष रूप से सावधान रहने और बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है.
पटना में आसमान में बादल छाए रहेंगे. शहर के कुछ इलाकों में तेज हवा के झोंकों के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है. इस मानसूनी गतिविधि के कारण दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. हालांकि जब तक लगातार मूसलाधार बारिश नहीं होती, तब तक लोगों को उमस से राहत नहीं मिलेगी.
