लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।इस बैठक में बिहार की कई बड़ी सड़क और पुल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। राज्य सरकार इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से वित्तीय स्वीकृति और आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध करेगी।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बीच होने वाली बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं को गति देना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने की योजना है।
बैठक में डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण पर चर्चा होगी। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से मंजूरी और वित्तीय सहयोग मांगा जाएगा। इन पुलों के बनने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और लोगों की आवाजाही आसान होगी।
अरवल-बिहारशरीफ सड़क परियोजना पर जोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अरवल-बिहारशरीफ पथ परियोजना को भी बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे। यह सड़क परियोजना दक्षिण और मध्य बिहार के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इसके साथ ही बैठक में बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी होगी। इन बाइपास के निर्माण से शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
