लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून की दस्तक और चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 जून से 19 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली (वज्रपात) को लेकर अलर्ट जारी किया है। जहां उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम खराब रहने और आंधी-पानी की प्रबल संभावना है।
वहीं, राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। यानी, पटना में गर्मी का असर बरकरार रहेगा और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।
मौसम विभाग ने 17 जून को उत्तर और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों के लिए विशेष रूप से येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब होने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
बिहार के कई जिलों में 17 से 19 जून के दौरान मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है।
- भारी बारिश वाले क्षेत्र: गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मधेपुरा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर।
- येलो अलर्ट वाले अन्य जिले: सीवान, सारण और किशनगंज।
