लाइव सिटीज, दरभंगा: दरभंगा में 13 किसानों से सवार नाव पलट गई. जानकारी के अनुसार सभी किसान नदी पार कर खेत में मूंग तोड़ने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान नाव अनियंत्रित होकर पलट गयी. इसमें 3 महिला किसान लापता बतायी जा रही हैं. सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम लापता महिलाओं की तलाश कर रही है.
घटना जिले के जमालपुर थानाक्षेत्र के तरवारा घाट के रिंग बांध के पास की है. जानकारी के अनुसार करीब 13 किसान एक ही नाव पर सवार होकर कोसी नदी पार कर रहे थे. इसी दौरान नदी में नाव का संतुलन बिगड़ गया. तेज धार में नाव होने के कारण उसमें पानी भरने लगा और फिर देखते ही देखते नाव पलट गयी.
नाव पलटने के बाद उसमें सवार लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचे और अपनी जान बचा पाए, लेकिन तीन महिला किसान तेज धार में फंस गयीं. इसके कुछ देर बाद ही वह लापता हो गयीं. जान बचाने वाले किसानों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी. घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गयी है.
