लाइव सिटीज, आरा: आरा में बक्सर-पटना फोरलेन पर शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बारातियों से भरी स्कॉर्पियो वाहन की कंटेनर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बड़हरा थाना क्षेत्र के गहबरुआ गांव के समीप हुआ. स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बारात से लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई.
इस हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल पुलिस द्वारा की जा रही है. वहीं सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में चल रहा है.
डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया जा सकता है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
