लाइव सिटीज, पटना: सम्राट चौधरी की सरकार ने एक बार फिर से कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है. सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1993 बैच के अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है. दीपक कुमार सिंह महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1995 बैच के अधिकारी और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को अपर मुख्य सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है. अरविंद चौधरी के पास परीक्षा नियंत्रक बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद पटना के साथ अध्यक्ष बिहार कर्मचारी चयन आयोग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1995 बैच के अधिकारी और सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंद्र को अपर मुख्य सचिव निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2004 बैच के अधिकारी और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2007 बैच के अधिकारी संजय कुमार सिंह को जांच आयुक्त सामान्य प्रशासन विभाग पटना का अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है. संजय कुमार सिंह वित विभाग के सचिव हैं वहीं वाणिज्य कर विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है और मुख्यमंत्री सचिवालय में भी सचिव का अतिरिक्त प्रभार है.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2009 बैच के अधिकारी और बिहार मानवाधिकार आयोग के सचिव सीमा त्रिपाठी को सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतरिक्त प्रभार दिया गया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी और सिविल विमानन विभाग में विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को प्रबंध निदेशक बिहार राज्य आवास बोर्ड पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
बिहार प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी और प्रबंध निदेशक बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड पटना इनायत खान को विशेष सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभाव दिया गया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी अरविंद कुमार वर्मा को उद्योग विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
